बीबीडी अकादमी में चल रही सैयद मोदी बैडमिंटन प्रतियोगिता में दिखी साइना व कश्यप की केमेस्ट्री
परवेज अहमद
लखनऊ। वेयर डिड यू स्टाप (कहां रुक गये थे तुम)? लंदन ओलंपिक की पदक विजेता साइना नेहवाल ने कार के करीब पहुंचे स्टार शटर पारुपल्ली कश्यप की ओर यह सवाल उछाला! जवाब में कश्यप ने उन्हें इस अंदाज में निहारा, मानो कहना चाहते हों-'तुम मुखातिब हो, करीब भी हो, तुमको देखूं कि तुम्हारे सवाल का जवाब दूं।' दिसंबर माह में शादी के बंधन में बंधने जा रहे स्टार शटलरों का ये अंदाज देख, समर्थकों के चेहरे खिल उठे। कुछ ने तालियां बजायीं। जिसका एहसास होते ही कश्यप ने इस अंदाज में हाथ उठाया, जिससे साइना का चेहरा उनकी हथेली की ओट में आ जाये और कैमरों के लेंस भावों को हमेशा के लिये कैद करने से वंचित हो जाएं।
बीबीडी अकादमी में चल रही सैयद मोदी बैडमिन्टन के कोर्ट नम्बर-2 में बुधवार को एकल मुकाबले में साइना ने मलेशिया की अपनी प्रतिद्वंदी कॉट कू कन को आसानी से हरा दिया। कुछ देर बाद उनके दोस्त व होने वाले जीवन साथी पारुपल्ली कश्यप थाईलैंड के तानोंगसा सेन बून्सक के खिलाफ इसी कोर्ट में उतरे। शुरूआती पांच-सात मिनट में तानोंगसा, कश्यप पर भाररी प्रतीत होने लगे। जिमनेजियम की केबल टीवी पर यह दृश्य देखते ही नेहवाल जिम छोड़कर सीधे मीडिया गैलरी में पहंचीं। वह ऐसे एंगल पर बैठी, ताकि कश्यप से उनकी निगाहें मिल सकें। पॉइंट बनने या सर्विस टूटने पर कुछ सेकेन्ड का जब भी मौका मिला, साइना ने इशारों में कश्यप कुछ बताया। संभवत: वह प्रतिद्वंदी की कमजोरी की ओर संकेत कर रही थी। कश्यप ने आसानी से मैच जीत लिया। मगर, खास रहा दोनों की रिश्तों की गर्माहट और उनके बीच कोर्ट व आउट आफ कोर्ट की केमेस्ट्री। जिससे हर किसी ने महसूस किया। अपने-अपने मैच जीतने के बाद दोनों प्लेयर लाउंज में एक दूसरे के साथ गपशप में मशगूल रहे। बैडमिंटन एसोसिएशन के लोगों से भी मिले। कुछ खिलाड़ियों से मेल-मुलाकात का सिलसिला भी चला।
...और तकरीबन 2 बजकर 40 मिनट पर साइना नेहवाल अकादमी से होटल के लिए निकली। गेट पर आयीं । इंतजार कर रहे ढेरों लड़के- लड़कियों ने एक तस्वीर का आग्रह किया। वह एक मिनट रुकी। बोंली, सब एक साथ आओ। बैÞडमिंटन के अंखुओं के चेहरों पर रौनक फैल गयी। कुछ जमीन पर बैठ गए, कुछ करीब खड़े हो गये। फोटोग्राफरों के फ्लैश चमकने बंद हुए तो साइना वहां से हटकर कार में बैठ गयी। पांच मिनट से कुछ ज्यादा ही गुजरा होगा। साइना ने चारों ओर निगाहें दौड़ायीं। मानों किसी को खोज रही हों। फिर पीली टी-शर्ट में कार की अगली सीट पर बैठी महिला पीएस को इशारा किया। जिसे समझ कर वह फौरन कार से उतरी और सीधे वहां गयी, जहां पारुपल्ली कश्यप रुक गये थे। कहा-सी इज वेटिंग? कश्यप उसके पीछे-पीछे चल पड़े। मौजूद समर्थकों ने चहेते सितारों की मौजूदगी केपलों को मोबाइल, निगाहों में कैद करने की कोशिशें शुरू कीं।...तब तक कार का गेट खुला। लेफ्ट साइड से कश्यप कार में घुसे भी नहीं थे कि साइना ने अंग्रेजी में सवाल उछाल दिया। जिसका अर्थ था 'तुम कहां रुक गये थे ?' कश्यप कुछ बोले नहीं। साइना ने सवालिया अंदाज में अपना चेहरा उनकी ओर किया। कश्यप मुस्कुराये। जिसमें आत्मीय भाव था। बैडमिन्टन की दुनिया में मुस्तकबिल बनाने को प्रयासरत खिलाड़ी और इस खेल में दिलचस्पी रखने वाले जानते हैं, ये स्टार शटलर जल्द ही जिंदगी के नए सफर में निकलने वाले हैं। लिहाजा वे भी मुस्कुराये। कुछ सिर्फ केमेस्ट्री देखकर खिलखिला पड़े। कश्यप ने मानों इसे समझा। इशारा किया। जिसका शायद आशय था-'दूसरे के प्यार के बारे में इतना नहीं सोचा जाता...बस आप सब अपनी आंखों का सफर खत्म कर लें।'...और उनकी कार चल पड़ी।
ध्यान रहे कुछ दिन पहले साइना नेहवाल ने कहा, 'मैं 20 दिसंबर से शुरू होने वाले टूनार्मेंट में व्यस्त हो जाऊंगी। उसके बाद मुझे टोक्यो ओलंपिक्स के लिए क्वालीफायर्स में हिस्सा लेना है। मेरे पास एक तारीख बची है (16 दिसंबर) जिस दिन हम शादी कर सकते हैं।' पारुपल्ली कश्यप और सायना 2005 से पुलेला गोपीचंद से ट्रेनिंग लेते रहे हैं। दोनों ने अक्सर अपने रिश्ते को लेकर इनकार किया जबकि वो 10 सालों से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। हाल में साइना ने कहा था- 'हम 2007-08 से बड़े टूनार्मेंट खेलने के लिए बाहर जाने लगे। हमने साथ में टूनार्मेंट खेले, साथ ट्रेनिंग की और धीरे-धीरे एक दूसरे के खेल में दिलचस्पी लेने लगे। कॉम्पिटिशन से भा
री इस दुनिया में किसी के करीब आना मुश्किल होता है। मगर हम एक-दूसरे से बातचीत कर पाए और धीरे-धीरे करीब आये।' बैडमिंटन के कोर्ट से शादी के बंधन में बंधने वाली यह दूसरी जोड़ी होगी। नेहवाल और कश्यप से पहले ज्वाला गुट्टा और चेतन आनंद शादी के बंधन में बंधे थे। वह शादी टिक नहीं पाई। 6 साल बाद ही दोनों एक दूसरे से अलग हो गए थे।


No comments:
Post a Comment